शाहपुर पटोरी में दलित परामर्श केंद्र का उद्घाटन, जरूरतमंदों को सरकारी योजना का लाभ दिलाना उद्देश्य।

शाहपुर पटोरी, समस्तीपुर |
बिहार दलित विकास समिति के तत्वावधान में हसनपुर सूरत शिव मंदिर के निकट देवेन्द्र रजक के आवासीय परिसर में *दलित परामर्श केंद्र* का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता *नवल भक्त* ने की।
परामर्श केंद्र के उद्घाटन से पूर्व आगत अतिथियों ने द्वार पर स्थापित *डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और महात्मा बुद्ध* की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्य अतिथि ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि मार्गदर्शन के अभाव में जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना का लाभ पाने में असमर्थ रहते हैं। गरीब और निर्धन व्यक्ति को एक आवेदन देने के लिए भी मोटा खर्च करना पड़ता है। ऐसे में दलित परामर्श केंद्र उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
बिहार दलित विकास समिति से आए विभागाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा कि सुविधा अनुसार दलित परामर्श केंद्र को समाधान युक्त किया जाएगा और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करना आज जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनहित में जरूरतमंदों के जीवन स्तर और उनके विकास में यह केंद्र काफी उपयोगी होगा। इस केंद्र में दलित अत्याचार निवारण, उनकी समस्याओं का समाधान और समाज की मुख्यधारा में दलितों को जोड़ने में मदद मिल सकेगी।
इस अवसर पर अपने विचार रखने वालों में वार्ड पार्षद *संजू देवी*, सेवा निवृत्त प्रधानाध्यापक *इंद्र प्रसाद राम*, सेवा निवृत्त कार्यालय सहायक जिला समस्तीपुर *देवेन्द्र रजक*, सत्येन्द्र कुमार, आनंद प्रकाश, समीर कुमार, अनन्या कुमारी, नवल किशोर राम, सरस्वती कुमारी सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
धन्यवाद ज्ञापन रोहित रौशन ने किया।
