प्राशासनिक

जल संसाधन विभाग के सचिव ने सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के ग्राम गनियारी में कटाव निरोधी कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

शेयर करें:

जल संसाधन विभाग के सचिव ने सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के ग्राम गनियारी में कटाव निरोधी कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

एनएच-122बी, गनियारी गांव, तटवर्ती आबादी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए 1,710 मीटर लंबाई में चल रहा है कटाव निरोधी कार्य

महनार वैशाली।जल संसाधन विभाग, बिहार के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह (भा.प्र.से.) ने आज वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग प्रखंड अंतर्गत ग्राम गनियारी में गंगा नदी के बाएं तट पर संचालित कटाव निरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के अनुपालन, निर्माण सामग्री की उपलब्धता तथा कार्यस्थल पर किए जा रहे सुरक्षात्मक उपायों की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में बताया गया कि गंगा नदी के निरंतर कटाव के कारण इस क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी (NH-122B), गनियारी गांव, आसपास की आबादी, आवासीय भवनों तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर खतरा उत्पन्न हो गया था। लगातार हो रहे कटाव के फलस्वरूप सर्वाधिक संवेदनशील स्थल पर गंगा नदी और राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी के बीच की दूरी घटकर लगभग 250 मीटर रह गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नदी के बाएं तट पर व्यापक एवं वैज्ञानिक पद्धति से कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है।

इस परियोजना के अंतर्गत 1,710 मीटर लंबाई में लॉन्चिंग एप्रन (Launching Apron) का निर्माण कराया जा रहा है। यह संरचना नदी की धारा से होने वाले तल कटाव (Toe Erosion) एवं स्कॉरिंग (Scouring) को नियंत्रित कर तट की स्थिरता को सुदृढ़ करेगी तथा भविष्य में कटाव की संभावना को कम करेगी। कार्य पूर्ण होने के उपरांत राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी, गनियारी गांव, आसपास की बस्तियों, आवासीय भवनों तथा अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिसंपत्तियों को गंगा नदी के कटाव से प्रभावी सुरक्षा प्राप्त होगी।

सचिव महोदय ने संबंधित अभियंताओं एवं कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु एवं गंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा आवश्यक निर्माण सामग्री, मशीनरी एवं मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कार्यों की नियमित तकनीकी निगरानी करते हुए गुणवत्ता के सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के गंगा तटवर्ती एवं कटाव संभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी रखी जाए तथा कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने निर्देश दिया है कि जलस्तर में वृद्धि अथवा कटाव की किसी भी सूचना पर जल संसाधन विभाग एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा, कृषि भूमि तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों की प्रभावी रक्षा की जा सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, गोपालगंज/मुजफ्फरपुर परिक्षेत्र, जल संसाधन विभाग के वरीय अभियंता, संबंधित कार्यपालक अभियंता, विभागीय पदाधिकारी एवं महनार अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें