प्राशासनिक

महनार में मुहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस, अमन-भाईचारे का दिया पैगाम

शेयर करें:

महनार में मुहर्रम पर निकला ताजिया जुलूस, अमन-भाईचारे का दिया पैगाम
एसडीपीओ ने फीता काटकर किया आगाज़, पहलाम में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़

रिपोर्ट :अशरफ वैशालवी, बिहार 

महनार (वैशाली), 26 जून। वैशाली जिले के महनार अनुमंडल क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व व्यापक सुरक्षा और शांति व्यवस्था के बीच पूरी धार्मिक श्रद्धा, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। शुक्रवार को महनार नगर, प्रखंड, सहदेई बुजुर्ग एवं देसरी प्रखंडों में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने ताजिया जुलूस में हिस्सा लिया और देर रात पहलाम हुआ।

जुलूस के दौरान “या हुसैन” की सदाओं के बीच इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया। मुहर्रम इस्लामी कैलेंडर का पहला महीना है। इसकी दसवीं तारीख यानी आशूरा को पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है। इसी शहादत की याद में शिया समुदाय मातम कर कर्बला के बलिदान को याद करता है, जबकि सुन्नी मुसलमान ताजिया जुलूस निकालकर अमन, शांति और भाईचारे का पैगाम देते हैं।

अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न कस्बों में पारंपरिक ताजिया, अलम और झंडों के साथ जुलूस निकाला गया। युवाओं ने लाठी, तलवार एवं पारंपरिक युद्धक कलाओं का प्रदर्शन किया। जुलूस मार्ग में जगह-जगह सबील लगाकर शरबत और ठंडे पानी का वितरण किया गया। सामाजिक संगठनों व स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत कर आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने एक अखाड़े में फीता काटकर जुलूस का आगाज़ किया और अमन, शांति एवं आपसी प्रेम-भाईचारे का पैगाम दिया। मुहर्रम को लेकर एसडीओ नीरज सिन्हा, एसडीपीओ प्रवीण कुमार, अनुमंडल दंडाधिकारी वीणा कुमारी, डीसीएलआर संदीप शेखर, बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ प्रदीप कुमार, राजस्व पदाधिकारी पूजा राय, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी गौरव कुमार, थानाध्यक्ष वेदानन्द सिंह समेत सभी अधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहे।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, महिला पुलिसकर्मी और क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई। महनार मदन चौक समेत प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से निगरानी की गई। प्रशासन ने पहले ही सभी थानों में शांति समिति की बैठकें कर आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित किया था। लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई थी।

राज्य सरकार के निर्देश पर जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक मुहर्रम का ताजिया जुलूस खुशगवार, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मनोज कुमार मेहता, मो. कलीम अशरफ, आबिद हुसैन, इम्तियाज अहसन, जया कामरान, गुलाम रब्बानी, आसिफ हुसैन, मो. साबिर, आलमगीर, नुरुद्दीन, नौशाद उर्फ लड्डू, जवाहर साह, सोनू उर्फ इरशाद, चांद आलम, फिरोज उर्फ गब्बर समेत मुहर्रम समन्वय समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन एवं विभिन्न धर्मों के लोगों ने जुलूस में शामिल होकर गंगा-जमुनी तहजीब का बेमिसाल संदेश दिया।

बेहतरीन सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुहर्रम समन्वय समिति महनार की ओर से एसडीओ नीरज सिन्हा एवं एसडीपीओ प्रवीण कुमार को सामूहिक रूप से कप भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के संयोजक मो. कलीम अशरफ ने बेहतर निज़ाम व कानून-व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन व पुलिस प्रशासन का शुक्रिया अदा किया।

 

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें