” सीएचसी में सर्पदंश व पशु काटने पर 24×7 टीके व जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हों” : रंजीत पंडित

हाजीपुर (वैशाली)
वैशाली जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश एवं कुत्ता, बिल्ली, बंदर, बिच्छू सहित अन्य विषैले जीवों के काटने पर आवश्यक टीके व जीवनरक्षक दवाओं की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार एवं सिविल सर्जन, वैशाली को पत्र लिखा है।
*मुख्य मांगें:*
1. बिहार के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सांप, बिच्छू, कुत्ता, बिल्ली, बंदर एवं अन्य विषैले जीवों के जहर से बचाव हेतु एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज वैक्सीन एवं अन्य जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
2. रविवार एवं सरकारी अवकाश सहित सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे दवा वितरण की व्यवस्था लागू की जाए।
3. आपातकालीन मरीजों के लिए अवकाश के दिनों में भी रजिस्ट्रेशन एवं दवा वितरण की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि वर्तमान में किसी भी सीएचसी में सांप काटने से बचाव वाला टीका उपलब्ध नहीं है। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। वहीं रजिस्ट्रेशन और दवा वितरण काउंटर निर्धारित समय पर ही खुलते हैं। रविवार और छुट्टियों में काउंटर बंद रहने से आपातकालीन मरीजों को समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन नहीं मिल पाती, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है।
उन्होंने कहा कि समय पर टीके और उपचार मिलने से हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसलिए सरकार को इस जनहित के मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
### *आंकड़े:*
– *WHO के अनुसार:* हर साल दुनिया में सर्पदंश से 80 हजार से 1.30 लाख लोगों की मौत होती है। भारत में औसतन 58 हजार मौतें।
– *बिहार सरकार के आंकड़े:* अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के बीच राज्य में सर्पदंश से 934 मौतें हुईं। इसी दौरान 17,859 मरीज सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आए।
जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस पार्टी द्वारा इस मुद्दे पर क्रमबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
