Uncategorized

महुआ में 162.75 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

शेयर करें:

महुआ में 162.75 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार

(एसटीएफ की सूचना पर ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत वैशाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई )

महुआ, वैशाली |
वैशाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। महुआ थाना क्षेत्र से पुलिस ने 162.75 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीव कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बिहार एसटीएफ से गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी से आने वाली एक बस में दो तस्कर बैग में हेरोइन छिपाकर महुआ की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक वैशाली के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने समस्तीपुर–महुआ रोड पर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सिलीगुड़ी से आई बस से उतरते समय दोनों संदिग्धों को घेरकर दबोच लिया गया। तलाशी में उनके बैग से 162.75 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी:
1. अमित कुमार, पिता विष्णु प्रसाद सिंह, निवासी खिलवत, थाना बिदुपुर, वैशाली
2. रोमा कुमारी, पति राजकुमार, निवासी दाऊदनगर, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली
एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में महुआ थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद हेरोइन और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हुई थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी है। ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों पर आगे भी कठोर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें