नीट घोटाला और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में महुआ में पुतला दहन, जमकर नारेबाजी ।

(संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन का प्रतिवाद मार्च) रिपोर्ट: सुधीर मालाकार
महुआ (वैशाली)नीट परीक्षा में हुए घोटाले और जंतर मंतर से संसद मार्च करने वाले छात्रों-नौजवानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को महुआ में जोरदार प्रदर्शन हुआ। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने स्थानीय गांधी स्मारक पर पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन की शुरुआत प्रतिवाद मार्च से हुई। मार्च का नेतृत्व ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राज्य उपाध्यक्ष ललित कुमार घोष ने किया। मार्च बाजार के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक, महुआ पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
सभा में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। इस दौरान “संवैधानिक अधिकार पर हमला करने वाले प्रधानमंत्री शर्म करो”, “तानाशाह प्रधानमंत्री मुर्दाबाद”, “तानाशाह प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” के नारे गूंजते रहे।
आंदोलन तेज करने का ऐलान
सभा की अध्यक्षता राम पुकार राय ने की जबकि संचालन इंद्रदेव राय ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज को दबाने के लिए दमन का सहारा ले रही है। वक्ताओं ने मांग की कि नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच हो, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें और छात्रों पर लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
सभा को राजीव रंजन कुमार, ब्रह्मानंद राय, विकी कुमार, दिनेश राय, मोहम्मद मुमताज, प्रिंस कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार, रामनाथ राय, मोहम्मद जाबिर अली, सुधीर कुमार, अनिल कुमार राय, इन्दल कुमार सहित दर्जनों किसान नेताओं ने संबोधित किया और आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
यह कार्यक्रम ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन द्वारा संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
