*वैशाली-समस्तीपुर सीमा पर पुलिस-अपराधियों में मुठभेड़, दो कुख्यात अपराधी घायल* (जवाबी फायरिंग में अमन कुमार के पैर में लगी गोली, दूसरा भागते हुए गिरा; सदर अस्पताल में पुलिस हिरासत में इलाज)
वैशाली/ समस्तीपुर | समस्तीपुर और वैशाली जिले की सीमा पर रविवार दोपहर पुलिस और दो कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके की है। मुठभेड़ में दोनों अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। *घायल अपराधियों की पहचान:* 1. अमन कुमार – पिता अमरनाथ सहनी, निवासी हजपुरवा, कल्याणपुर थाना, समस्तीपुर 2. लक्ष्मी कुमार – पिता जगन सहनी, निवासी झरारी गांव, मुसहरी थाना, मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और कई मामलों में उनकी तलाश थी। अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी अमन कुमार किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है। इस पर ताजपुर थाना, बंगरा थाना, एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती इलाके में घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन कुमार के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा अपराधी लक्ष्मी कुमार भागने के दौरान गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। समस्तीपुर एएसपी ने बताया कि अमन कुमार लंबे समय से समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच चल रहा है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।