महुआ के युवक की सड़क दुर्घटना में दिल्ली के नोएडा में मौत
मृत युवक का शव महुआ के मधौल वार्ड 15 में आते ही परिजनों में मचा कोहराम

थाने के रसलपुर मधौल पंचायत के वार्ड 15 निवासी एक युवक की मौत दिल्ली के नोएडा में सड़क दुर्घटना में हो गई। मृत युवक का शव शनिवार की शाम गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं उसे अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
मृतक करीब 30 वर्षीय पप्पू कुमार महुआ थाने के रसूलपुर मधौल वार्ड संख्या 15 निवासी भजन राय का पुत्र था और वह दिल्ली के नोएडा में रहकर कंपनी में मजदूरी करता था। पूर्व पार्षद अशोक कुमार अकेला ने बताया कि पप्पू की नोएडा में ही रितेश शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद सारी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दूसरे दिन उसका शव घर लाया गया। बताया गया कि युवक पप्पू काफी मेहनती था। उसकी कमाई से घर परिवार का भरण पोषण चलता था। जहां पर वह रोजी-रोटी के लिए घर परिवार को छोड़कर रह रहा था। वही यह मनहूस घटना हो गई। बताया गया कि यह घटना से न सिर्फ मृतक के परिजन बल्कि पूरे ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। घटना को लेकर शोक में मृतक के बस्ती में लोगों ने दो दिनों से चूल्हा नहीं जलाया।
पुत्र-पुत्री और पत्नी का रो रो कर बुरा हाल
युवक पप्पू की दुर्घटना में मौत के से पुत्र आदित्य, पुत्री साक्षी और पत्नी रूबी कुमारी का तो रो रो कर बुरा हाल था। पत्नी समझ नहीं पा रही थी कि यह क्या हो गया। वह शव पर विलाप कर रही थी। लोग उसे ढांढस बंधा रहे थे। छोटे बच्चे तो समझ नहीं रहे थे कि अब उनके सर से पिता का साया उठ गया। मां गिरिजा देवी तो विक्षिप्त सी बनी थी। पप्पू नोएडा में रहकर कंपनी में गाड़ी चलाता था।
