वैशाली: बीमा पैसा हड़पने के लिए रची झूठी ट्रक लूट की साजिश, ट्रक मालिक समेत 3 गिरफ्तार
जंदाहा, वैशाली: बीमा राशि हड़पने के लालच में ट्रक लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने वाले ट्रक मालिक, चालक और क्रेता को जंदाहा पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मामला:पूरा.1 जून 2026 को ट्रक चालक और मालिक ने जंदाहा थाना को सूचना दी कि 31 मई की रात NH-322 पर सलहा पावर ग्रिड के पास अज्ञात अपराधियों ने हथियार दिखाकर ट्रक संख्या BR33GB 3649 और चालक का मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सबूत नहीं मिला और चालक-मालिक के बयानों में विरोधाभास मिला। गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि कथित लूट की घटना फर्जी थी। असल में ट्रक मालिक ने पहले ही वाहन बेच दिया था और बीमा राशि पाने के लिए चालक और क्रेता के साथ मिलकर सुनियोजित साजिश के तहत झूठी लूट की कहानी रची थी।
पुलिस की कार्रवाई:
SP वैशाली के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ के नेतृत्व में टीम बनाकर समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में छापेमारी की गई। वहां से चोरी का ट्रक बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि वाहन की नंबर प्लेट बदल दी गई थी और इंजन-चेसिस से छेड़छाड़ कर उसे अलग रूप में चलाया जा रहा था। चालक का लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. दिनेश पोद्दार – सा० हरपुर मोहम्मदा, थाना पुसा, जिला समस्तीपुर
2. गौड़ी शंकर झा – सा० निरपुर, थाना कर्पूरीग्राम, जिला समस्तीपुर
3. अखिलेश कुमार उर्फ मतल राय – सा० आधारपुर, थाना कर्पूरीग्राम, जिला समस्तीपुर
तीनों पर जंदाहा थाना कांड संख्या 283/26, दिनांक 01.06.2026 दर्ज कर BNS की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:1 ट्रक, 3 मोबाइल
वैशाली पुलिस ने चेतावनी दी है कि झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
