बहुजनों के साथ अत्याचार बर्दास्त नहीं,हत्यारों को फांसी दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे बहुजन सेना – अनिल कुमार

दिनारा/रोहतास : बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (बहुजन सेना) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में विगत दिनों हुए हत्या के बाद मृतक चंदेश्वर चौधरी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। अनिल कुमार ने कहा कि दुख की इस घड़ी में बहुजन सेना पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक माध्यम से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर पटना के वरीय अधिकारियों एवं बिहार के डीजीपी से भी मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही बरती जाती है तो पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
मामले को लेकर अनिल कुमार ने स्थानीय डीएसपी और थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि न्याय दिलाना संभव नहीं है तो कम से कम पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का काम किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय डीएसपी द्वारा परिवार पर दबाव बनाए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने डीएसपी और थाना प्रभारी से परिवार तथा गांव के लोगों को कथित रूप से डराने-धमकाने की कोशिश तत्काल बंद करने और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की।
अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व जनता को सुरक्षा देना, मामले की निष्पक्ष जांच करना और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो उनके स्थानांतरण और कार्रवाई की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी पति की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो रही हैं। परिवार में उनकी बेटी भी है, जिसकी शादी अभी नहीं हुई है। ऐसे कठिन समय में परिवार को दबाव में लेने के बजाय उनके साथ खड़े होने और उन्हें न्याय दिलाने की आवश्यकता है। अनिल कुमार ने कहा कि बहुजन समाज के लोग परिवार के आंसू पोंछने और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक और पुलिस प्रशासन से पक्षपात की राजनीति से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने सादे कागज पर परिवार से हस्ताक्षर कराने के आरोपों को भी गंभीर बताते हुए इसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि परिवार से किसी परिस्थिति में हस्ताक्षर कराए गए हैं तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि किस उद्देश्य से और किसके कहने पर ऐसा किया गया। अनिल कुमार ने कहा कि वह पूरे मामले को लेकर बिहार के डीजीपी और पटना के वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों के समक्ष निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बहुजन सेना की मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई हो और पुलिस-प्रशासन अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाए। लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखते हुए संगठन इस परिवार की न्याय की लड़ाई में उसके साथ खड़ा रहेगा।
