बिहार के 50 मुखिया सीखने गए बनारस, PM पुरस्कृत पंचायत का लेंगे पाठ

वैशाली।जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर बिहार को मजबूत पंचायत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत वैशाली एवं सारण जिले के कुल 50 मुखिया एक्सपोजर विजिट के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी के लिए रवाना हुए।
यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर सुश्री आरती गिरी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वैशाली, श्री संजीव कुमार, नोडल पदाधिकारी जिला पंचायत संसाधन केंद्र, एवं स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव सुधीर कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी आरती गिरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में पंचायत स्तर पर हो रहे अच्छे कार्यों को देखने के लिए मुखियाओं को भेजा जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार की पंचायतों को पूरी मजबूती देना और बेहतर बनाना है।
पहला बैच वैशाली एवं छपरा जिले से बनारस भेजा गया है। सभी मुखियागण वाराणसी जिले के पिंडारा प्रखंड स्थित रसूलपुर पंचायत का निरीक्षण करेंगे और वहां के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। उल्लेखनीय है कि रसूलपुर पंचायत को प्रधानमंत्री पुरस्कार से दो बार सम्मानित किया जा चुका है।
इस एक्सपोजर विजिट का मुख्य उद्देश्य है कि बिहार के जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने पंचायतों में अच्छी व्यवस्था लागू कर सकें और ग्रामीण विकास को नई गति दे सकें।
– NR इंडिया न्यूज़, वैशाली
