स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान

बाल विवाह रोकने को एकजुट हुए वैशाली के पुजारी, ली सामूहिक शपथ

शेयर करें:

बाल विवाह रोकने को एकजुट हुए वैशाली के पुजारी, ली सामूहिक शपथ

वैशाली, 29 जून 2026: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए वैशाली जिले के मंदिरों के पुजारी अब एक मंच पर आ गए हैं। ये सभी पुजारी लोगों को बाल विवाह न करने की सलाह देने के साथ सामूहिक शपथ भी ले रहे हैं।


सभी पुजारियों ने संकल्प लिया है कि वे ऐसे किसी भी विवाह में शामिल नहीं होंगे जहां लड़की की उम्र 18 साल से कम और लड़के की उम्र 21 साल से कम होगी। पुजारियों का कहना है, “किसी भी परिस्थिति में हम बाल विवाह नहीं होने देंगे।”

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के डायरेक्टर सह सचिव और स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने बताया कि जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संस्थान द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि सख्ती का असर दिख रहा है। जिले में बाल विवाह की दर में कमी आई है और लोग जागरूक हो रहे हैं। वैशाली के पुजारियों की यह पहल काफी सराहनीय है।

जागरूकता कार्यक्रम में हनुमान मंदिर दिघी के पुजारी बाबा राघवेंद्र दास, नव दुर्गा मंदिर स्टेशन के पुजारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा, महावीर मंदिर त्रिमूर्ति चौक के पुजारी मनोज झा, विश्वकर्मा मंदिर के पुजारी मनोज बाबा, वासुदेव मंदिर बागमाली के पुजारी धीरज कुमार मिश्रा, राम जानकी राधा कृष्ण मंदिर हरौली के पुजारी दीपक ओझा, बाबा बद्रीनाथ मंदिर के पुजारी अरुण पांडे, विशालेश्वर मंदिर राजपूत कॉलोनी के पुजारी आचार्य सूरज तिवारी और मनोकामना मंदिर सुभाष चौक के पुजारी कृष्णानंद पांडे समेत कई मंदिरों के पुजारियों ने लोगों को बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई।

सभी ने आह्वान किया कि हम किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह नहीं होने देंगे।

इस मौके पर स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सामुदायिक कार्यकर्ता नीलू कुमारी, गुड्डू कुमार, संतोष कुमार आदि उपस्थित थे।

 

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें