Uncategorized

फैज़ अहमद हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग तेज, बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग को सौंपा गया ज्ञापन

शेयर करें:

फैज़ अहमद हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग तेज, बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग को सौंपा गया ज्ञापन

ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां, बिहार की ओर से दरभंगा के चर्चित फैज़ अहमद हत्याकांड (कांड संख्या- 90/26, थाना- APM, दरभंगा) की निष्पक्ष, गहन एवं वैज्ञानिक जांच कराने की मांग को लेकर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की वास्तविक साजिश का खुलासा कर सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि दरभंगा निवासी स्वर्गीय फैज़ अहमद की हत्या ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है। संगठन का कहना है कि पुलिस द्वारा एक आरोपी की गिरफ्तारी सराहनीय कदम है, लेकिन उपलब्ध तथ्यों एवं विभिन्न पहलुओं से प्रतीत होता है कि मामले की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच अभी शेष है।

संगठन ने आयोग से मांग की है कि मामले की वैज्ञानिक एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ हो, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाए। साथ ही घटनास्थल एवं आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज का एफएसएल परीक्षण कराया जाए तथा प्रत्यक्षदर्शियों एवं संबंधित व्यक्तियों के बयान निष्पक्ष रूप से दर्ज किए जाएं।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति या साजिशकर्ता की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय एवं आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने तथा बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलकर वस्तुस्थिति का आकलन करे और अपनी अनुशंसा राज्य सरकार को भेजे।

ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नजरे आलम ने कहा कि न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है। उन्होंने आयोग से इस संवेदनशील मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने और सभी दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की मांग की। संगठन ने विश्वास जताया कि आयोग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें