अंतरराष्ट्रीय मंच पर एम्स पटना की एक और उपलब्धि, डॉ. पंकज कुमार ने स्विट्जरलैंड में प्रतिष्ठित PET/CT फेलोशिप सफलतापूर्वक की पूर्ण
फुलवारी शरीफ परवेज आलम।
एम्स पटना के परमाणु चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज कुमार ने स्विट्जरलैंड के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख में आयोजित चार सप्ताह की हाइब्रिड PET/CT इमेजिंग फेलोशिप सफलतापूर्वक पूर्ण की है। यह प्रशिक्षण 18 मई से 12 जून 2026 तक आयोजित किया गया। यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख को आणविक इमेजिंग, न्यूक्लियर मेडिसिन और प्रिसिजन मेडिसिन के क्षेत्र में यूरोप के अग्रणी संस्थानों में गिना जाता है।
फेलोशिप के दौरान डॉ. कुमार को अत्याधुनिक PET/CT तथा PET/MR इमेजिंग तकनीकों, उन्नत कैंसर निदान, आणविक इमेजिंग और नवीनतम रेडियोट्रेसर आधारित जांचों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, केस आधारित चर्चाएँ तथा क्लिनिकल रिपोर्टिंग सत्र शामिल थे।
प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने 225 से अधिक PET/CT जांचों का अध्ययन एवं विश्लेषण किया। इनमें कैंसर रोगियों में व्यापक रूप से उपयोग की जाने वाली FDG PET/CT जांचों के साथ-साथ प्रोस्टेट कैंसर, न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर, पार्किन्सन रोग एवं इंसुलिनोमा तथा पैराथायरॉइड एडेनोमा जैसे विशेष रेडियोट्रेसर्स से संबंधित उन्नत परीक्षण भी शामिल थे।
फेलोशिप के अंतर्गत डॉ. कुमार को न्यूरो-इमेजिंग के क्षेत्र में भी प्रशिक्षण प्राप्त हुआ जिसमें एफडीजी, एफईटी और एमल्यॉड पीईटी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है। एमल्यॉड पीईटी विशेष रूप से अल्जाइमर रोग और अन्य न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों के शुरुआती निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अतिरिक्त उन्हें पीईटी/एमआर तकनीक से संबंधित जांचों का भी अनुभव प्राप्त हुआ जो आज प्रिसिजन मेडिसिन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं।
यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ज्यूरिख ने डॉ. पंकज कुमार की उत्कृष्ट प्रतिबद्धता, सक्रिय सहभागिता और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए उन्हें फेलोशिप पूर्ण करने का प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एम्स पटना के कार्यपालक निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने डॉ. पंकज कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्थान की विशेषज्ञता को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करते हैं और रोगियों को बेहतर, सटीक तथा आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस फेलोशिप से अर्जित ज्ञान और अनुभव का लाभ बिहार तथा पूर्वी भारत के मरीजों को उन्नत कैंसर निदान, थेरैनोस्टिक्स, आणविक इमेजिंग और न्यूरोइमेजिंग सेवाओं के रूप में मिलेगा।
डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विश्वस्तरीय तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ कार्य करने का अवसर मिला, जिससे आधुनिक न्यूक्लियर मेडिसिन की नवीनतम प्रगति को समझने और अपनाने में सहायता मिली। उन्होंने बताया कि इस अनुभव का उपयोग एम्स पटना में रोगी सेवाओं, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान गतिविधियों को और सशक्त बनाने में किया जाएगा।
एम्स पटना निरंतर अपने संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण, अनुसंधान और अकादमिक सहयोग के अवसर उपलब्ध करा रहा है जिससे संस्थान में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके।
