कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI) बिहार चैप्टर का 4वां वार्षिक सम्मेलन BIC-2026 संपन्न
परवेज आलम(फुलवारी शरीफ)
कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI), बिहार चैप्टर द्वारा आयोजित चौथा वार्षिक सम्मेलन BIC-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस सम्मेलन में बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए हृदय रोग विशेषज्ञों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों ने भाग लिया और हृदय रोगों के उपचार एवं नवीन तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, कौशल विकास और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना था। दो दिनों तक चले इस आयोजन में वैज्ञानिक सत्रों, विचार-विमर्श और शोध प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों और उपचार पद्धतियों पर प्रकाश डाला गया। समापन समारोह (Valedictory Function) में विशेषज्ञों ने हृदय रोगों के बेहतर उपचार और मरीजों की देखभाल में आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर चर्चा की। सम्मेलन के दौरान लीडलेस पेसमेकर, बिना तार वाले पेसमेकर, हार्ट ब्लॉक के आधुनिक उपचार, हृदय की रक्त वाहिकाओं में कैल्शियम की समस्या के समाधान तथा जटिल कोरोनरी आर्टरी रोगों के उपचार जैसी उन्नत चिकित्सा तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। सीएसआई बिहार चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने सम्मेलन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन चिकित्सकों को नई जानकारियों और तकनीकों से अवगत कराते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। आयोजन सचिव डॉ. शमशाद आलम ने सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. नितिन त्रिपाठी, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. के. के. वरुण, डॉ. एम.पी. यादव, डॉ. एम. एम. एनर्जी तथा डॉ. वी.वी. भारती सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों की विशेष उपस्थिति रही। यह सम्मेलन बिहार में हृदय रोग चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान, अनुसंधान और आधुनिक उपचार तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
