राष्ट्रीय हैंड सर्जरी दिवस के अवसर पर AIIMS पटना में दो दिवसीय कार्यशाला एवं सीएमई का सफल आयोजन
फुलवारी शरीफ फातमा जहां।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) पटना के प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा राष्ट्रीय हैंड सर्जरी दिवस के अवसर पर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित दो दिवसीय वर्कशॉप एवं सीएमई का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इंडियन सोसाइटी फॉर सर्जरी ऑफ हैंड के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
*“स्थिरता से कार्यक्षमता तक : हैंड सर्जरी में विकसित होती अवधारणाएँ”* विषय पर आधारित इस कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण को सुदृढ़ करना तथा आम जनता में हाथ की चोटों एवं विकृतियों के लिए समय पर उपचार, पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन AIIMS पटना के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी **प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल** द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में शीघ्र प्रारंभ किए जाने वाले हैंड ट्रांसप्लांट कार्यक्रम की जानकारी साझा की तथा इसे पुनर्निर्माण शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के पहले दिनमें फ्रैक्चर फिक्सेशन एवं विभिन्न शल्य तकनीकों पर हैंड्स ऑन वर्कशॉप आयोजित किया गया। अगले दिन में कई विषय जैसे ब्रैकियल प्लेक्सस, माइक्रोसर्जरी तथा नसों की सर्जरी से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) वीणा कुमारी द्वारा किया गया। आयोजन में डॉ. अंसारुल हक, डॉ. सरसिज शर्मा, डॉ. विश्वदीप एवं डॉ. कुलदीप सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
