नेपाल में सार्क जर्नलिस्ट फोरम के प्रतिनिधिमंडल का सम्मान, भारत-नेपाल संबंधों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
वरिष्ठ पत्रकार शशि भूषण कुमार को किया गया सम्मानित
पोखरिया, नेपाल। भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। पोखरिया नगर परिषद के नगर प्रमुख एवं संविधान सभा सांसद श्री प्रद्युम्न प्रसाद चौहान ने नगर परिषद कार्यालय सभागार में भारत से पहुंचे सार्क जर्नलिस्ट फोरम, बिहार के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार सहित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर डॉ. शशि भूषण कुमार के साथ अजीत कुमार पांडे, इंजीनियर संतोष कुमार एवं कृष्ण मोहन कुमार को चंदन, पुष्प एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत-नेपाल के आपसी संबंधों, पत्रकारिता, सांस्कृतिक विरासत और दोनों देशों के लोगों के बीच सदियों पुराने जुड़ाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
वरिष्ठ पत्रकार एवं सार्क जर्नलिस्ट फोरम बिहार के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि यह सदियों पुरानी साझा संस्कृति, परंपरा, भाषा, आस्था और सामाजिक रिश्तों पर आधारित आत्मीय संबंध हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों को जन-जन के बीच मैत्री और सद्भाव को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं, संविधान सभा सांसद एवं पोखरिया नगर परिषद के नगर प्रमुख श्री प्रद्युम्न प्रसाद चौहान ने भी भारत-नेपाल के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहद प्राचीन और मजबूत हैं। उन्होंने आपसी सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच पत्रकारिता, संस्कृति और सामाजिक समन्वय को मजबूत करने तथा भविष्य में संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
सम्मान समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल राजनीतिक या कूटनीतिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दिल से दिल और संस्कृति से संस्कृति तक जुड़े हुए रिश्ते हैं।
