चकफैज (चकेयाज) पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंची डीएम लाभुकों के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण, बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया मुआयना।
महनार वैशाली।
जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने सहदेई बुजुर्ग प्रखंड की चकफैज पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की तथा आम लोगों से संवाद कर सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने लाभुकों के बीच जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। शिविर में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निष्पादन करते हुए संबंधित लाभुकों को सेवाएं एवं प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान, जीविका से जुड़कर स्वरोजगार, राशन कार्ड, भूमिहीन परिवारों को पर्चा उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे सहयोग शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्या होने पर प्रशासन को अवगत कराएं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शुभांक मिश्रा ने कहा कि “जनता की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला पदाधिकारी के पंचायत में प्रथम आगमन पर स्थानीय ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी जिला पदाधिकारी के समक्ष रखे, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार,स्थानीय विधायक श्री महेंद्र राम सहित पंचायत के मुखिया श्री प्रह्लाद पासवान, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस सहयोग शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी महनार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सहयोग शिविर के उपरांत जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के बाढ़ संभावित नयागांव पश्चिमी पंचायत के गनियारी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक वर्ष बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया तथा अनुमंडल पदाधिकारी महनार एवं अंचलाधिकारी को बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने, संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी रखने तथा संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान एवं आपदा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
