स्वास्थ

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर समस्तीपुर रेल परिसर में ब्रह्माकुमारीज की प्रदर्शनी, DRM बोले- तंबाकू से हर साल 13.5 लाख भारतीयों की मौत

शेयर करें:

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर समस्तीपुर रेल परिसर में ब्रह्माकुमारीज की प्रदर्शनी, DRM बोले- तंबाकू से हर साल 13.5 लाख भारतीयों की मौत

समस्तीपुर:31 मई, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा समस्तीपुर रेल परिसर में एक दिवसीय तंबाकू निषेध प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रीप्रकाश, सीनियर डीएमई दुर्गेश कुमार सिंह, कृष्ण भाई जी और सविता बहन ने संयुक्त रूप से किया। 

“तंबाकू नैतिक और आर्थिक रूप से कमजोर बनाता है”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि तंबाकू के सेवन से दुनिया भर में हर साल 80 लाख लोगों की मौत होती है। भारत में यह आंकड़ा 13.5 लाख है। उन्होंने कहा, “तंबाकू न सिर्फ स्वास्थ्य बिगाड़ता है, बल्कि व्यक्ति को नैतिक और चारित्रिक रूप से भी कमजोर बनाता है। यह पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय क्षति का कारण बनता है।” उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग का आभार जताते हुए कहा कि रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए संस्थान हर साल रेल परिसर को चुनता है।

“हर 6 सेकेंड में एक मौत का कारण तंबाकू”
ब्रह्माकुमारीज की ओर से बीके तरुण ने बताया कि तंबाकू में 70 प्रकार के कैंसर पैदा करने वाले रसायन होते हैं। मुंह और फेफड़ों के 90% कैंसर का कारण किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन है। “दुनिया में हर 6 सेकेंड में एक व्यक्ति तंबाकू के कारण मरता है,” उन्होंने कहा। बीके तरुण ने बताया कि राजयोग प्रशिक्षण से संस्थान के लाखों भाई-बहन नशामुक्त जीवन जी रहे हैं और करोड़ों लोगों को नशा छोड़ने में मदद मिल रही है। इसी काम को देखते हुए भारत सरकार ने नशा मुक्त भारत अभियान में ब्रह्माकुमारीज को साझेदार बनाया है।

राजयोग से मन को शक्ति देने का संदेश
सविता बहन ने राजयोग मेडिटेशन के जरिए मन को सशक्त करने की विधि बताई और उपस्थित लोगों को गहन शांति का अनुभव कराया। ओम प्रकाश भाई ने सभी से नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण भाई जी ने किया।

प्रदर्शनी में आने वाले यात्रियों और रेलकर्मियों से नशामुक्ति दान पेटी में तंबाकू का “दान” लेकर उन्हें इससे हमेशा के लिए मुक्त होने हेतु तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग प्रशिक्षण के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।

कार्यक्रम में डीसीएम आरके सिन्हा, डीईएन (एचक्यू) सुरेंद्र कुमार, डीओएम अरविंद कुमार, आरके झा सहित कई रेल पदाधिकारी, रेलकर्मी और यात्री मौजूद रहे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें