नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर छात्रों ने मनाया जश्न, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लोकतंत्र की जीत – रंजीत पंडित
देसरी,
25 जुलाई 2026
नीट पेपर लीक मामले को लेकर पूरे देश में छात्रों द्वारा चलाए गए आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर देसरी के स्टेशन के निकट लाइब्रेरी के पास छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इज़हार किया।
इस मौके पर छात्रों ने वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय कुमार यादव, गौतम कुमार यादव, अभिषेक कुमार, प्रदीप कुमार, सुबोध पासवान को अबीर-गुलाल लगाकर अपनी खुशी साझा की।
इस मौके पर रंजीत पंडित ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देश के करोड़ों छात्रों के संघर्ष, एकजुटता और लोकतंत्र की जीत है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय कुमार यादव ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेह होना ही पड़ता है। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ अन्याय न हो।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र सोहन कुमार एवं आकाश रंजन ने कहा कि लंबे समय तक चले संघर्ष ने यह साबित कर दिया कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई छात्रों की आवाज़ को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
गौतम कुमार यादव एवं अभिषेक कुमार ने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में पूरे देश के छात्रों ने एकजुट होकर न्याय की लड़ाई लड़ी, जिसकी यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस मौके पर छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाओं से मुक्त बनाने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर छात्र सोहन कुमार, आकाश रंजन, अरविन्द कुमार, दयानंद कुमार, कुंदन कुमार, अभिषेक कुमार, नेतलाल, राहुल, अंकुश, सौरभ, बब्लू, सन्नी, प्रदीप कुमार सिंह, विशेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
संवाददाता अभिजीत कुमार देसरी प्रखंड वैशाली
