Uncategorized

वर्ष 2030 तक वैशाली को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प _भटौली भगवान पंचायत में जुटी भारी भीड़, ग्रामीणों ने ली शपथ_

शेयर करें:

वर्ष 2030 तक वैशाली को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प
_भटौली भगवान पंचायत में जुटी भारी भीड़, ग्रामीणों ने ली शपथ_

 

हाजीपुर (वैशाली) : वर्ष 2030 तक वैशाली जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा लालगंज प्रखंड की भटौली भगवान पंचायत में एक भव्य जन-जागरूकता एवं संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय वार्ड सदस्य उमेश महतो ने की, जबकि सफल संचालन अधिकार मित्र संतोष कुमार ने किया।

इस दौरान जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन कार्यक्रम के निदेशक एवं संस्थान के सचिव डॉ. सुधीर कुमार शुक्ला ने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक एवं गौरवशाली भूमि रही है। इसे बाल विवाह के कलंक से मुक्त करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के लक्ष्य के अनुरूप संस्थान वर्ष 2030 तक जिले के प्रत्येक गांव एवं पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया जा रहा है, जो बाल विवाह की रोकथाम के साथ-साथ किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

अधिकार मित्र संतोष कुमार ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर सीधा प्रहार है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को विवाह के बजाय शिक्षा से जोड़ने की अपील की तथा कहा कि किसी भी संदिग्ध बाल विवाह की सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा स्थानीय पुलिस को दें।

अध्यक्षीय संबोधन में वार्ड सदस्य उमेश महतो ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनकी जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्र में एक भी बाल विवाह न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भटौली भगवान पंचायत बाल विवाह के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी और वर्ष 2030 तक वैशाली को बाल विवाह मुक्त बनाने के अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों ने बाल विवाह नहीं होने देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें