स्वास्थ्य जांच के लिए गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से पीएचसी बना रहा गुलजार

गर्भावस्था में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर दी गई विशेष नसीहत
जननी बाल सुरक्षा के तहत महुआ पीएचसी में गुरुवार को 150 गर्भवतियों की स्वास्थ्य जांच की गई।यहां स्वास्थ्य जांच अस्पताल द्वारा बजाए जा रहे गीत संगीत को लेकर खुशनुमा माहौल बना रहा। जिससे देर तक बैठने के बावजूद गर्भवतियां उबाऊ नहीं हुई। यहां स्वास्थ्य जांच कराने को लेकर गर्भवतियों की उमड़ी भीड़ से पीएचसी गुलजार बना रहा।
यहां पर पीएचसी प्रभारी डॉ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य प्रबंधक चंदन कुमार, डॉ अनुरंजीता पाराशर, डॉ रंजना कुमारी के साथ डॉ राय दुर्गेश नंदन, डॉ रमेश कुमार सिंह के अलावा एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सहभागिता निभाई।
*इन सब चीजों की हुई जांच*
यहां पर गर्भवतियों की वजन, ऊंचाई, हीमोग्लोबिन, सिफलिस, यूरीन, प्रोटीन, एचआईवी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पल्स, हेपेटाइटिस बी आदि की जांच की गई। प्रभारी ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर को लेकर समियाना और कुर्सियां लगाई गई थी। जिसमें स्वास्थ्य जांच करने आने वाली गर्भवतियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई थी। यहां पर अधिकतर गर्भवतियों में वजन, हीमोग्लोबिन की कमी के साथ ब्लड प्रेशर की शिकायत पाई गई। उन्हें इस अवस्था में पौष्टिक आहार में दूध, दही, घी, अंडा, मांस, मछली, फल, हरी सब्जियां के साथ समय से खाद्य पदार्थ लेने की नसीहत दी गई। इधर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कभी लिंक फेल होने तो कभी सर्वर डाउन के कारण दिक्कत आ रही थी। बताया गया कि जननी वाल सुरक्षा अभियान को लेकर मरीजों की लोड बढ़ने से सरवर की समस्या खड़ी होती है।
