पटना में भीषण गर्मी से राहत: मातृ उद्बोधन केंद्र ने शुरू किया मुफ्त प्याऊ सेंट
पटना: भीषण गर्मी के बीच प्यासे राहगीरों को राहत देने के लिए मातृ उद्बोधन आध्यात्मिक केंद्र, अशोकनगर, पटना ने PABJA (पैन अमेरिका बिहार-झारखंड एसोसिएशन) के सहयोग से अशोकनगर, कंकड़बाग में सात दिवसीय निशुल्क प्याऊ सेंटर शुरू किया।
रविवार को ठंडा जीरा-पुदीना और काला नमक वाला शर्बत पिलाकर प्याऊ का उद्घाटन किया गया। पहले ही दिन हजारों लोगों ने शर्बत पीकर गर्मी से राहत पाई।
संस्थापक ठाकुर अरुण कुमार सिंह ने कहा, “प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। भूखे को भोजन और प्यासे को पानी से बढ़कर कोई सेवा नहीं। इस अभियान को अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी चलाना चाहिए ताकि भीषण गर्मी में जरूरतमंदों को राहत मिल सके।”
मातृ उद्बोधन केंद्र पहले से पटना के विभिन्न इलाकों में प्याऊ चला रहा है। संस्था बिहार और झारखंड के कई जिलों में भी यह पुनीत कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुरारी शर्मा, मनोज कुमार, सतीश कुमार, संजय कुमार पांडेय, पत्रकार रोहित कुमार, समाचार संपादक सुरेंद्र कुमार रंजन सहित संस्था के कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। लोगों ने इस सेवा कार्य के लिए मातृ उद्बोधन केंद्र और PABJA को हृदय से धन्यवाद दिया।
