पटना में समझौते के बाद ताजपुर में काम पर लौटे हड़ताली सफाई कर्मी
रिपोर्ट :अब्दुल क़ादिर, ताजपुर बिहार
ताजपुर/समस्तीपुर में
7 अगस्त 2026
नगर विकास एवं आवास मंत्री नितीश मिश्रा की अध्यक्षता में पटना में हुई वार्ता के बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त हो गई। विभाग, स्थानीय निकाय कर्मचारी संगठनों एवं संयुक्त मोर्चा के बीच हुए समझौते के आलोक में ताजपुर नगर परिषद के हड़ताली सफाईकर्मी गुरुवार को काम पर लौट आए।
इस अवसर पर ऐक्टू से जुड़े सफाईकर्मी नेता लखींद्र राम, अशोक राम, ओम प्रकाश मल्लिक, सुनील मल्लिक, मुकेश राम, रामनरेश राम, बेबी देवी आदि ने समझौता पत्र का सामूहिक पाठ किया, जिसके बाद सर्वसम्मति से हड़ताल समाप्त करने और कार्य पर लौटने का निर्णय लिया गया। समझौते में दैनिक सफाईकर्मियों की सेवा शर्तों, मानदेय, अवकाश, बीमा, सेवा अभिलेखों के डिजिटलीकरण, आउटसोर्सिंग कर्मियों के हितों की सुरक्षा तथा हड़ताल के दौरान की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने जैसे बिंदु शामिल हैं।
ऐक्टू एवं भाकपा-माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने समझौते पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से इसे हूबहू लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी सफाईकर्मी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होनी चाहिए तथा समस्तीपुर नगर निगम के सफाईकर्मी नेता राजकुमार राम पर दर्ज मुकदमा भी अविलंब वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समझौते के सभी प्रावधानों के ईमानदार क्रियान्वयन से सफाईकर्मियों में विश्वास कायम होगा।
