महुआ में 22 घंटे बिजली गुल, उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल
(पातेपुर फीडर की आपूर्ति ठप रहने से पढ़ाई, पेयजल और कारोबार प्रभावित )

महुआ, वैशाली |
महुआ प्रखंड के पातेपुर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में करीब 22 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
मंगलवार देर रात अचानक बिजली गुल हुई, जो बुधवार देर रात तक बहाल नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया।
बिजली गुल रहने से सबसे ज्यादा परेशानी विद्यार्थियों को हुई, जिनकी पढ़ाई बाधित हो गई। इसके अलावा पेयजल संकट गहरा गया, मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके और घरेलू कामकाज ठप रहा। छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि पातेपुर फीडर में आए दिन बिजली कटौती हो जाती है। उपभोक्ताओं ने कहा कि विभाग को अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि पातेपुर फीडर की तकनीकी खमियों को शीघ्र दूर कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि बरसात और भीषण उमस के मौसम में घंटों बिजली गुल रहने से आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है।
