राहुल गांधी की गिरफ्तारी एवं छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में राजापाकर में प्रतिरोध मार्च एवं प्रधानमंत्री का पुतला दहन, लोकतंत्र में लाठी नहीं, संवाद होना चाहिए – कांग्रेस जिला अध्यक्ष
राजापाकर, 23 जुलाई 2026
राहुल गांधी जी की गिरफ्तारी तथा छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण दमन और लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी ग्रामीण के तत्वावधान में राजापाकर के एतवार हाट से शनिचर हाट तक प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च के उपरांत प्रखंड अध्यक्ष पवन दास के नेतृत्व में एक सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि डराने-धमकाने, दमन और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के माध्यम से लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने की हर कोशिश का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में लाठी नहीं, संवाद होना चाहिए।”
इंटक के जिला महामंत्री बिपिन कुमार सिंह एवं चंदन कुमार यादव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसदों, वरिष्ठ नेताओं और छात्रों के साथ किया गया व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ये सभी देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास किया।
सभा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से निम्नलिखित मांगें कीं—
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफ़ा।
परीक्षा में हुई अनियमितताओं तथा उन व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में तत्काल चर्चा, जिन्होंने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
नई दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लिया जाए।
इस मौके पर सचिन कुमार राय, चंदन कुमार राय, मो. सोहेल अहमद, सुबोध पासवान, प्रदीप कुमार, अरविंद कुमार, ब्रजमोहन सिंह, सौरभ कुमार, नीतीश कुमार, डॉ. अनिल कुमार के अलावे अनेकों लोग मौजूद थे।
संवाददाता अभिजीत कुमार देसरी प्रखंड वैशाली
