*अखबार हॉकर अनिल सिंह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, पटना रेफर*

महुआ (वैशाली)
महुआ प्रखंड क्षेत्र के हरपुर बेलवा निवासी अखबार विक्रेता अनिल कुमार सिंह बीते दिनों सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर कुशहर चौक के पास सुबह के समय अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी।
अनिल सिंह अपनी साइकिल से अखबार लेकर आ रहे थे, तभी पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल सिंह सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए और उनकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अरुणा सेवा सदन में भर्ती कराया। वहां डॉ. सुरेश प्रसाद गुप्ता ने उनका इलाज किया और परिवार को घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में उनकी कमर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने उन्हें दो महीने तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है।
फिलहाल अनिल कुमार सिंह अपने घर पर आराम कर रहे हैं। इस दुखद घटना पर महुआ के शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पत्रकारों ने दुख व्यक्त किया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
