दो हादसों से सहमा इलाका ,करंट से युवक की मौत ,गंगा में बुजुर्ग लापता ।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
देसरी/सहदेई बुजुर्ग, (वैशाली )चांदपुरा थाना क्षेत्र के आजमपुर पंचायत अंतर्गत खड़गपुर गांव में बिजली के पोल से निकले करंट की चपेट में आने से युवक गुलशन ठाकुर की मौत तथा देसरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में 58 वर्षीय उमेश पंडित के गंगा नदी की तेज धारा में बह जाने की घटना से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी (ग्रामीण) के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने खड़गपुर एवं सुल्तानपुर गांव का दौरा कर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
रंजीत पंडित ने कहा कि _बिजली विभाग की लापरवाही के कारण करंट फैलना बेहद गंभीर मामला है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जर्जर एवं खतरनाक बिजली के पोल तथा तारों की तत्काल जांच और मरम्मत जरूरी है।_
बाद में राजद नेता श्यामनंदन राय, प्रजापति समन्वय समिति के प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र पंडित के साथ सुल्तानपुर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि उमेश पंडित के गंगा की तेज धारा में बह जाने के बाद परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। एनडीआरएफ एवं स्थानीय प्रशासन के स्तर से खोज अभियान को और तेज किया जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने इस संबंध में विद्युत विभाग के पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं एडीएम (आपदा) से दूरभाष पर बात कर दोनों घटनाओं में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस मौके पर कांग्रेस नेता अभिषेक कुमार, सुबोध पासवान, राकेश सिंह, राजद नेता श्यामनंदन राय, प्रजापति समन्वय समिति के प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र पंडित सहित अन्य लोग मौजूद थे।
