SUCI(C) की बैठक में 5 अगस्त को पटना में जनसभा में बड़ी भागीदारी पर जोर ।
(सफाई कर्मियों की मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी)

रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
महुआ, वैशाली |
SUCI (कम्युनिस्ट) पार्टी की जिला स्तरीय बैठक आज फुदेनी चौक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव ललित कुमार घोष ने की। इसमें राज्य कमेटी सदस्य कामरेड इंद्रदेव राय उपस्थित थे, जबकि संचालन कामरेड दिनेश राय ने किया।
5 अगस्त को पटना में जनसभा
बैठक में पार्टी के संस्थापक सचिव कॉमरेड शिवदास घोष के 50वें स्मृति दिवस पर 5 अगस्त 2026 को पटना के IMA हॉल में होने वाली जनसभा में अधिक से अधिक भागीदारी पर विचार-विमर्श किया गया।
नेताओं ने छात्रों, नौजवानों और मेहनतकशों से उक्त कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। नेताओं ने कहा कि देश में स्वास्थ्य-शिक्षा की बदहाल स्थिति, पेपर लीक, खेती-किसानी की समस्याओं से तंग आकर किसान, मजदूर, छात्र-नौजवान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे समय में जीवन के सभी क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं के खिलाफ संगठित जन आंदोलन ही एकमात्र उपाय है।
बैठक में महुआ सहित पूरे प्रदेश में सफाई कर्मियों को वाजिब मजदूरी एवं अन्य भत्ते न मिलने के कारण हड़ताल पर जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मियों की मांगें अविलंब पूरी की जाएं। अन्यथा SUCI (C) पार्टी सफाई कर्मियों के पक्ष में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
बैठक में सांसद कंगना रनौत द्वारा आंदोलनकारी छात्राओं पर की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की गई। पार्टी ने मांग की कि ऐसे सांसद पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में अनिल कुमार, जाबिर अली, चंद्र भूषण कुमार, शिवनाथ कुमार, मोहम्मद मुमताज, प्रिंस कुमार, राम पुकार राय, अरुण राय सहित अन्य नेताओं ने देश-प्रदेश की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की।
