मंत्री संजय सिंह के जनता दरबार में उमड़ा फरियादियों का जनसैलाब

(R.O. पर रिश्वत का आरोप लगते ही मंत्री हुए आग-बबूला, बर्खास्तगी के दिए निर्देश)
महुआ(वैशाली )
बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री एवं महुआ विधायक संजय कुमार सिंह ने महुआ प्रखंड कार्यालय के सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में अनुमंडल एवं महुआ तथा चेहरा कला प्रखंड के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया। पदाधिकारियों ने कई समस्याओं का ऑन स्पॉट निवारण किया। जिन कार्यों में समय लगना था, उन्हें मंत्री ने एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का आदेश दिया। 
सबसे अधिक शिकायतें जमीन और पेंशन की
जनता दरबार में सबसे अधिक जमीन से संबंधित समस्याएं आईं, जिन्हें डीसीएलआर एवं सीओ द्वारा हल किया गया। इसके अलावा लोग वृद्धा पेंशन, नल जल योजना, राशन कार्ड में नाम जुड़वाने जैसी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।
R.O. पर लगा रिश्वत का आरोप, मंत्री ने दिए बर्खास्तगी के आदेश
जनता दरबार के दौरान उस समय हंगामा हो गया जब लोगों ने महुआ R.O. पर बिना रिश्वत के काम नहीं करने का आरोप लगाया। यह सुनते ही मंत्री संजय सिंह आग बबूला हो गए।
मंत्री ने कहा कि “महुआ में जो भी पदाधिकारी रहेगा, उसे जनता की बात सुननी होगी और उनकी समस्या दूर करनी होगी। जनप्रतिनिधियों एवं जनता के साथ अनुशासित व्यवहार करना होगा।”
आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने R.O. को बर्खास्त करने का निर्देश भी दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा – _”हमारा प्रयास है कि जनता दरबार के माध्यम से जनता की समस्या उनके सामने ही हल हो, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। महुआ में जाम, गंदगी और पेयजल की समस्या को बहुत जल्द दूर किया जाएगा। इसमें लापरवाही करने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”_
जनता दरबार में महुआ अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, महुआ एवं चेहरा कला के BDO, CO सहित सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
अब देखना होगा कि जनता दरबार के निर्देशों का अधिकारियों पर कितना असर होता है और जनता की समस्याओं का समाधान कितनी तेजी से होता है।
