“551 मॉडल स्कूलों में शामिल हुआ महनार का बालक हाई स्कूल, इलाके में खुशी की लहर”
रिपोर्ट :अशरफ वैशालवी
महनार, वैशाली। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत महनार नगर परिषद वार्ड नं 6 स्थित उच्च विद्यालय बालक महनार को आदर्श/मॉडल स्कूल का दर्जा मिलने से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रविवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश के पूर्व से स्थापित 551 उच्च माध्यमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में चयनित कर ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ नाम से उद्घाटन किया। इसी कड़ी में महनार बालक हाई स्कूल को भी यह गौरव प्राप्त हुआ।
स्थानीय स्तर पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार ने मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी आधारित शिक्षण, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय और आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी। इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि मॉडल स्कूल केवल भवन नहीं, बल्कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा। इससे विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की क्षमता विकसित होगी।
नगर परिषद सभापति रमेश कुमार ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार राय, वार्ड पार्षद किशुन शर्मा, बिरजू सिंह, अशोक कुमार राय, पूर्व सभापति विनोद भगत, रामप्रसाद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
NR इंडिया न्यूज़, महनार
