राजनीति

विधायक पूरे समाज का प्रतिनिधि होता है, किसी एक समुदाय को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण : नजरे आलम

शेयर करें:

विधायक पूरे समाज का प्रतिनिधि होता है, किसी एक समुदाय को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण : नजरे आलम

दरभंगा- ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवाँ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्य नजरे आलम ने केवटी विधायक श्री मुरारी मोहन जी द्वारा केवटी थाना परिसर में दिए गए धरने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता की समस्याओं और उनकी आवाज़ को उठाना है। इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं हो सकती।

लेकिन यदि किसी धरने या सार्वजनिक मंच से किसी विशेष जाति या धर्म, विशेषकर मुस्लिम समुदाय, को निशाना बनाया जाए, उनके विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की जाएँ अथवा ऐसा माहौल बनाया जाए जिससे सामाजिक तनाव और वैमनस्य बढ़े, तो यह अत्यंत निंदनीय है।

बिहार में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदरणीय श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सामाजिक सद्भाव, कानून का राज और विकास की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में किसी भी जनप्रतिनिधि को ऐसी भाषा और आचरण से बचना चाहिए जिससे सरकार, पार्टी और सामाजिक सौहार्द की छवि प्रभावित हो।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि यही स्थानीय केवटी थाना है, जहाँ विधायक श्री मुरारी मोहन कई अवसरों पर विभिन्न मामलों में आरोपित एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पैरवी करते रहे हैं। यदि आज वही थाना कानून के अनुसार कार्य करते हुए सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और किसी के अनुचित दबाव में आने से इंकार कर रहा है, तो उसके विरुद्ध इस प्रकार का धरना और माहौल बनाना उचित नहीं कहा जा सकता। जनप्रतिनिधियों को ऐसी ओछी और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित राजनीति से बचना चाहिए।

एक विधायक पूरे विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधि होता है, किसी एक जाति या धर्म का नहीं। विधायक श्री मुरारी मोहन की टिप्पणी से मुस्लिम समुदाय की भावनाएँ आहत हुई हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से माफ़ी माँगनी चाहिए।

प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए समाज को धार्मिक आधार पर बाँटने या सांप्रदायिक माहौल बनाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। जनता विकास, न्याय और आपसी भाईचारे की राजनीति चाहती है, न कि हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को विभाजित करने की।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें