सड़क पार करने के दौरान ठोकर से अधेड़ की मौत

महुआ ताजपुर सड़क पर थाना अंतर्गत डभैच चौक पर अज्ञात वाहन की ठोकर से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना शनिवार की देर रात की है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोर मच गया।
मृतक की पहचान पातेपुर थाने के मंडईडीह गांव के वार्ड संख्या 13 निवासी लाला पासवान के रूप में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार लाला पासवान देर रात दवा लेने के लिए घर से पैदल ही निकले थे। इसी दौरान वे डभैच चौक पहुंचे, जहां सड़क पार करने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहा इलाज के दौरान रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह डभैच नहर के समीप शव रखकर महुआ-ताजपुर मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पातेपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर सड़क से हटाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बताया गया कि मृतक घर का कमाऊ व्यक्ति था। उसके कमाई से घर परिवार चलता था।
